जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों का परफॉर्मेंस मैनेजमेंट सिस्टम अभी लागू नहीं होगा. मंगलवार को टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू के बीच हुई वार्ता के बाद इस व्यवस्था को एम्प्लॉय सेल्फ हेल्प पोर्टल से हटा दिया गया है. मंगलवार को हुई वार्ता के बाद इस संबंध में एक सर्कुलर जारी किया गया और कहा गया कि इंटरानेट पोर्टल टैलेंट प्रो एम्पलाई सेल्फ हेल्प से पीएमएस सेक्शन को हटा दिया गया है. यह बताया गया है कि टाटा वर्कर्स यूनियन के हस्तक्षेप के बाद इसको हटाया गया है. गौरतलब है कि टाटा स्टील में करीब 10000 कर्मचारी कार्यरत है जिसमें 7000 एनएस ग्रेड और स्टील वेज के करीब 3000 कर्मचारी शामिल है.(नीचे भी पढे)
अब तक कंपनी के अधिकारियों का प्रदर्शन का सालाना समीक्षा टैलेंट रिव्यू के माध्यम से किया जाता था जिसके आधार पर उनका प्रमोशन, बोनस और इंक्रीमेंट दिया जाता था. पिछले दिनों इस पोर्टल में भी टैलेंट प्रो सेल्फ हेल्प एम्पलाई पीएमएस सेक्शन दिखाई देने लगा था. इससे यह आशंका जताई जा रही थी कि कर्मचारियों को भी परफॉर्मेंस मैनेजमेंट सिस्टम के दायरे में लाया जा रहा है, जिसकी तैयारी यह की गई है. अगर ऐसी व्यवस्था लागू हो जाती तो विभागीय प्रमुख कर्मचारियों के प्रदर्शन का आकलन करते और उसके आधार पर कर्मचारियों का भी प्रमोशन, बोनस और इंक्रीमेंट मिलता. ऐसा होने से कर्मचारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ेगा. इस कारण इसका विरोध हुआ. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू ने इसको गंभीरता से लेते हुए मैनेजमेंट के पास सख़्ती से उठाया. इसके बाद इस पोर्टल से उसे पीएमएस सिस्टम को भी हटा दिया गया. इससे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है.











