सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले में लंबे समय के बाद एक बार फिर नक्सलियों की सक्रियता के संकेत मिलने से सुरक्षा बलों के कान खड़े हो गए हैं. हाल के दिनों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए विस्फोटक मिलने के बाद मंगलवार को सुरक्षा बलों ने जिले के दलभंगा ओपी अंतर्गत नीमडीह के पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर रखे गए दर्जन भर आइईडी बरामद किये हैं. हालांकि उक्त विस्फोटकों को सुरक्षा की दृष्टि से वहीं नष्ट करा दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि जिला पुलिस को गुप्त रूप से सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) उग्रवादी संगठन ने दलभंगा ओपी क्षेत्र के नीमडीह गांव के आसपास पहाड़ी वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से भारी मात्रा में गोला-बारूद छिपाकर रखे हैं. सूचना के आधार पर सरायकेला- खरसावां पुलिस, झारखंड जगुआर एवं एसएसबी-26 बटालियन के संयुक्त अभियान दल ने मंगलवार को क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया. सर्च के दौरान नीमडीह के समीप पहाड़ी क्षेत्र से नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपा कर रखे गए 1.5 किलोग्राम वजन के 12 केन आइईडी बरामद किए गए. बरामद आइईडी को सुरक्षा की दृष्टि से बम निरोधक दस्ते की सहायता से मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. पुलिस अधीक्षक के अनुसार, इस संदर्भ में विधि सम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.











