जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी अंतर्गत मिल्लत नगर में शनिवार को स्थानीय लोगों ने एक घर में कथित रूप से अनैतिक गतिविधियों के चलने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक व युवती को हिरासत में लेकर थाने ले गई. लोगों का आरोप है कि इलाके की एक महिला पिछले डेढ़ साल से अपने घर से देह व्यापार का अवैध धंधा चला रही है. अक्सर अलग-अलग युवक-युवती घर में आते-जाते देखे जाते हैं, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है. शनिवार को भी एक युवक को रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई. (नीचे भी पढ़े)
लोगों का यह भी कहना है कि इस अवैध गतिविधि की जानकारी पुलिस को पहले से थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. इससे स्थानीय निवासियों में गहरा रोष है. कुछ दिन पहले हिम्मतनगर में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जिसमें एक संदिग्ध युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था. घटना के बाद मिल्लत नगर के निवासियों ने इस तरह के गंदे धंधों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज में गलत संदेश जाएगा और अपराध को बढ़ावा मिलेगा. पुलिस ने युवक और युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.











