जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत जवाहरनगर रोड नंबर 15 में 15 अगस्त की शाम डायन-बिसाही के संदेह में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़िता सुषमा कुमारी ने थाने में आधा दर्जन लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. जानकारी के मुताबिक, घटना शाम करीब 7 बजे की है. आरोप है कि संदीप शर्मा, गुड़िया कुमारी, रिंकी कुमारी, पिंकी कुमारी, अर्चना कुमारी और संगीता देवी मिलकर सुषमा कुमारी के घर पहुंचे. पहले सभी ने मिलकर गाली-गलौज की और उसके बाद महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान आरोपियों ने सुषमा पर डायन-बिसाही होने का आरोप भी लगाया. (नीचे भी पढ़े)
पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, तब जाकर मामला शांत हुआ. इसके बाद सुषमा कुमारी सीधे मानगो थाना पहुंची और लिखित शिकायत दी. पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मानगो पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायन-बिसाही के नाम पर हिंसा और सामाजिक अंधविश्वास को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि समाज में अब भी अंधविश्वास की जड़ें गहरी हैं. पुलिस और सामाजिक संगठनों का मानना है कि जागरूकता ही इस तरह की घटनाओं पर रोक लगा सकती है.











