जमशेदपुर: जमशेदपुर शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. शनिवार देर शाम मानगो थाना क्षेत्र के चेपा पुल के पास डिस्काउंट मेडिकल स्टोर में दवा लेने पहुंचे एक ग्राहक की जेब अज्ञात उचक्के ने काट ली. यह पूरी घटना मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. जानकारी के अनुसार, पारडीह निवासी वीरेंद्र यादव शनिवार की रात करीब 8:05 बजे दवा खरीदने के लिए डिस्काउंट मेडिकल स्टोर पहुंचे थे. उन्होंने काउंटर पर दवा की पर्ची दी और दवा लेते समय उसकी जांच कर रहे थे. (नीचे भी पढ़े)
इसी दौरान एक युवक चुपके से पीछे खड़ा हो गया और बड़ी चालाकी से उनकी जेब से नकद रुपये निकाल लिए. दवा लेने के बाद जब वीरेंद्र यादव भुगतान के लिए कैश काउंटर पर पहुंचे तो उन्हें जेब कटने की जानकारी हुई. उनकी जेब में कुल 12 हजार 300 रुपये थे, जो पूरी तरह गायब मिले. पीड़ित ने तत्काल घटना की जानकारी मेडिकल स्टोर के संचालक को दी. स्टाफ ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें जेबकतरे की हरकत स्पष्ट रूप से कैद हुई है. घटना की सूचना पुलिस को दी गई है और सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.











