जमशेदपुर: रेड क्रॉस सोसाईटी, झारखंड राज्य शाखा के कमिटी गठन के पश्चात पूरे राज्य में रेड क्रॉस सोसाईटी के उद्देश्यों के अनुरूप मानवता की सेवा के कार्यों को विस्तार मिले और इसमें सभी जिलों की सहभागिता सुनिश्चित हो. प्रत्येक जिला शाखा मानवता की सेवा से पहचान बनाये तथा इसका समग्र परिणाम समाज के सभी वर्गों तक इसकी पहुंच के रूप में सामने आये, जिसमें मानवता की सेवा का भाव निहित हो. उक्त विचार रांची स्थित राजभवन में महामहिम राज्यपाल सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाईटी, झारखंड राज्य शाखा संतोष कुमार गंगवार ने रेड क्रॉस सोसाईटी, झारखंड राज्यशाखा के नवनिर्वाचित चेयरमैन बिजय कुमार सिंह को मार्गदर्शन देते हुए व्यक्त किया. महामहिम राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात कर बिजय कुमार सिंह ने उन्हें पुष्पगुच्छ तथा शॉल प्रदान किया एवं राज्यभर में रेड क्रॉस के आगामी कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण रखा. (नीचे भी पढ़े)
इस दौरान उपस्थित महामहिम राज्यपाल के प्रधान सचिव सह रेड क्रॉस सोसाईटी, झारखंड राज्य शाखा के उपाध्यक्ष डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी ने रेड क्रॉस के सभी जिलों को साथ लेकर चलने तथा झारखंड का स्वरूप कार्यक्रमों में समग्र सहभागिता के साथ दिखने की बात कही. उन्होंने कहा कि न सिर्फ जिला स्तर पर बल्कि रेड क्रॉस सोसाईटी के कार्यक्रम राज्य स्तर पर भी कमिटी के देखरेख में आयोजित हो ताकि यह एक नजीर बन सके. इस दौरान राष्ट्रपति भवन कल्चरल हॉल में आयोजित रेड क्रॉस राष्ट्रीय शाखा के वार्षिक आमसभा में झारखंड से रेड क्रॉस सोसाईटी के 10 प्रतिनिधियों को भेजने की स्वीकृति प्रदान की गयी. रेड क्रॉस सोसाईटी, झारखंड राज्यशाखा के चेयरमैन बिजय कुमार सिंह के साथ पूर्वी सिंहभूम जिला शाखा उपसचिव श्याम कुमार प्रसाद, पेट्रन विशाल कुमार, महेश कुमार सिंह, रबीन्द्र सिंह उपस्थित थे.














