जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार सुबह एक नाबालिग किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव की स्थिति को देखकर स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है.

हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है. जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका सुलेखा शांडिल्य सुबह केंद्र पहुंचीं, तभी उन्होंने परिसर में किशोरी को अचेत अवस्था में पड़ा देखा. (नीचे देखे पूरी खबर)

करीब जाने पर उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना तुरंत पंचायत प्रतिनिधियों और परसुडीह थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. घटना की खबर फैलते ही स्कूल परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई.

काफी प्रयास के बावजूद मृतका की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज लापता किशोरियों की जानकारी खंगाल रही है. घटना से ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों में आक्रोश है. लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.







