जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु में शनिवार सुबह घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पति रवि सिंह ने अपनी पत्नी रेशम सिंह पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची रेशम की मां सुनीता कालिंदी भी घायल हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते विवाद बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया. इसी दौरान गुस्से में आए रवि सिंह ने चाकू उठा लिया और अपनी पत्नी रेशम सिंह पर हमला कर दिया. चाकू लगने से रेशम घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी. बेटी को बचाने पहुंची उसकी मां सुनीता कालिंदी को भी आरोपी ने धक्का-मुक्की और हमले में घायल कर दिया. स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना दिये जाने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उधर घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति रवि सिंह मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था. बताया जा रहा है कि इससे पूर्व भी रवि सिंह द्वारा पत्नी रेशम के साथ मारपीट और हमला किए जाने की घटना सामने आ चुकी है. सिदगोड़ा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश जारी है.







