कोडरमा: वार्षिक माध्यमिक परीक्षा एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में आयोजित विशेष समारोह शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही डीके ट्रस्ट की इकाई एजुकेशनिस्ट फोरम द्वारा “प्रतिभा सम्मान सह शैक्षिक उन्नयन कार्यक्रम” का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाना, शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना तथा उन्हें करियर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करना था. आयोजकों ने कहा कि समाज के विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रतिभाओं को उचित मंच देना समय की आवश्यकता है.समारोह में वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 के टॉप-10 छात्र-छात्राओं के साथ-साथ इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के चयनित मेधावी विद्यार्थियों सहित कुल 62 प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर सम्मानित किया गया. मंच पर सम्मान प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और गर्व साफ दिखाई दे रहा था.(नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया. इसके बाद डॉ. सदानंद पंडित ने एजुकेशनिस्ट फोरम की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुमार अश्विनी अमिताभ, प्राचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय, कोडरमा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए. उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी समय से प्रारंभ करने, शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा दी. उन्होंने अपने संबोधन में कहा आज के विद्यार्थी ही देश के भविष्य के निर्माता हैं. मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.(नीचे भी पढ़े)
कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिष्ठित लोगों की उपस्थिति रही. इनमें डॉ. वीरेंद्र कुमार सिंह, नवल किशोर सिंह, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. सुनील यादव, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. अनुराग सिंह, संतोष सिन्हा, संदीप सिन्हा, रामरतन अवधया, ठाकुर विक्रम सिंह, अवध कुमार सिंह एवं विनोद पासवान प्रमुख रूप से शामिल रहे.कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए विशेष करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन सत्र का भी आयोजन किया गया. विज्ञान, वाणिज्य, सिविल सेवा, लॉ एवं सामान्य प्रतियोगिता परीक्षाओं से जुड़े विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को भविष्य की तैयारी, विषय चयन और करियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं.(नीचे भी पढ़े)
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच एवं निरंतर अध्ययन की आदत विकसित करने की सलाह दी. कार्यक्रम का सफल संचालन जनमेजय पाण्डेय, डॉ. सतीश कुमार वर्मा एवं अनिल कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से किया. वहीं धन्यवाद ज्ञापन विजय कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया.कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक मंडल के सदस्य अनमोल कुमार, अंकित कुमार सिन्हा, शंभू शंकर, दिलीप यादव एवं महेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही.कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ. सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक बताया. आयोजकों ने भविष्य में भी शिक्षा एवं प्रतिभा प्रोत्साहन के क्षेत्र में ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया







