बहरागोड़ा : झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के त्रिवेणी संगम स्थित बहरागोड़ा की प्राकृतिक छटा अब वैश्विक स्तर पर अपनी चमक बिखेरने को तैयार है. शुक्रवार को विधायक समीर मोहंती और सांसद प्रतिनिधि गौरव पुष्टि ने क्षेत्र के बहुचर्चित 183 एकड़ में फैले निर्माणाधीन इकोलॉजिकल डायवर्सिटी पार्क के अत्याधुनिक कॉटेज की भूमि पूजन की, जिसमें 18 हाई-टेक दो-मंजिला कॉटेज का निर्माण किया जाना है. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर विधायक श्री मोहंती ने कहा कि झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की सीमाओं के केंद्र में स्थित इस पार्क के विकसित होने से ना केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलने में भी सहायक सिद्ध होगा. साथ ही विधायक श्री मोहंती ने इस दौरान स्थानीय युवाओं के सुनहरे भविष्य पर जोर देते हुए कहा कि यहां रेस्टोरेंट और स्नैक्स कॉर्नर जैसी सुविधाएं शुरू होने से बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा होंगे. मौके पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश कुमार षाड़ंगी और रेंजर दिग्विजय सिंह सहित झामुमो के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे.







