जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना अंतर्गत आसनबनी-बिरिगोड़ा स्थित हड्डी गोदाम के पास मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में पिकअप वैन और स्विफ्ट कार आपस में टकरा गईं. दोनों वाहन जमशेदपुर से रांची की ओर जा रहे थे. इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में यह दुर्घटना घटी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए.हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. सड़क पर दोनों वाहनों के पलट जाने से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला. (नीचे भी पढ़े)
दुर्घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लापरवाही से वाहन चलाने और गलत तरीके से ओवरटेक करने का आरोप लगाया है. हादसे में पिकअप वैन में सवार एक व्यक्ति को हल्की चोट आई, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया. वहीं स्विफ्ट कार में तीन लोग सवार थे. राहत की बात यह रही कि सभी सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई. हालांकि टक्कर में स्विफ्ट कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और जल्दबाजी में ओवरटेक करने की वजह से अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ाने की मांग की है.







