जमशेदपुर : आगामी 22 और 23 मई 2026 को जमशेदपुर में आयोजित “पहाड़ एवं नदी पर राष्ट्रीय सम्मेलन” में पहाड़ों एवं नदियों के संरक्षण, संवर्द्धन एवं सुरक्षा के लिए एक विधेयक के प्रारूप पर विमर्श होगा और इसे अंतिम रूप देकर भारत सरकार के समक्ष इसे अधिनियमित करने के लिए प्रस्तुत किया जाएगा. (नीचे भी पढ़े)
सम्मेलन के आयोजन समिति ने पहाड़ और नदी विषयक विधेयक को अपने स्तर से अंतिम रूप दे दिया है. 19 मई को सम्मेलन के संरक्षक एवं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और सम्मेलन के संयोजक दिनेश मिश्र द्वारा संयुक्त रूप से सार्वजनिक किया गया. इसे सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों को भेजा जा रहा है, ताकि वो इसका अध्ययन कर लें और इसे संशोधित परिवर्धित करने का सुझाव सम्मेलन में रखें ताकि व्यापक विमर्श के उपरांत इसे अंतिम रूप दिया जा सके और इसे अधिनियमित करने के लिए भारत सरकार को भेजा जा सके. जो प्रबुद्ध व्यक्ति किसी कारणवश सम्मेलन में शामिल नहीं हो रहे हैं, वे भी इस पर अपना सुझाव भेज सकते हैं.







