रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन एवं रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने शिष्टाचार मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं रेल अधिकारियों के बीच राज्य में रेल सेवाओं के विस्तार, यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा रेलवे से संबंधित विकासात्मक परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. मौके पर सीनियर डीसीएम रांची रेल मंडल श्रेया सिंह एवं महाप्रबंधक के सचिव अजय कुमार उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़े)
वहीं, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), निगमित मुख्यालय के कार्यपालक निदेशक एसएस राजू ने मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री को उन्होंने 20 मई को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची, परिसर में आयोजित “भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा सहित फीचर वॉल, उड़ान यात्री कैफे, अवसर काउंटर, किड्स जोन एवं फ्लाइब्रेरी के उदघाटन समारोह में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया. मौके पर बिरसा मुंडा हवाई अड्डा रांची के निदेशक विनोद कुमार एवं उप महाप्रबंधक मनोज प्रसाद सिंह उपस्थित थे.







