जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में चेन छिनतई की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना विजया गार्डन और वास्तु विहार के बीच मुख्य सड़क की बताई जा रही है, जहां दो अज्ञात युवकों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली. महिला ने साहस का परिचय देते हुए अपराधियों का पीछा भी किया, लेकिन बीच रास्ते में बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उसे डरा दिया और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की. विजया गार्डन गेट नंबर-2 के कैमरे में दोनों युवक दिखाई तो दिए, लेकिन तस्वीर इतनी धुंधली थी कि उनकी पहचान संभव नहीं हो सकी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में लगे अधिकांश कैमरे केवल दिखावे के लिए लगाए गए हैं. न तो उनमें चेहरा साफ दिखता है और न ही किसी वाहन का नंबर प्लेट पढ़ा जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
लोगों ने ऐसे कैमरों को “मुर्दा कैमरा” तक कहना शुरू कर दिया है. वहीं विजया गार्डन के बाहर स्थित कई दुकानों के कैमरे भी या तो खराब पड़े हैं या बंद हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि यदि भविष्य में कोई बड़ी आपराधिक घटना होती है तो प्रशासन के पास जांच के लिए क्या सबूत होंगे. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, खराब कैमरों को तत्काल बदलने और नियमित निगरानी की मांग की है.





