सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के कांड्रा मोड़ पर गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. ट्रक चालक को अचानक नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया, जिसके बाद ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक संख्या जेएच02एवाइ 3700 तेज रफ्तार में कांड्रा मोड़ से गुजर रहा था. इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी ऑल्टो, स्कॉर्पियो और अर्टिगा वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद भी ट्रक नहीं रुका और वन विभाग की बाउंड्री वॉल तोड़ते हुए परिसर के अंदर जा घुसा. घटना के दौरान आसपास अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. (नीचे भी पढ़ें)
गनीमत रही कि हादसे के समय वाहनों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. हालांकि दुर्घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा ट्रक मालिक की भी जानकारी जुटाई जा रही है.







