जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात को व्यापक अभियान चलाया. वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिले के शहरी थाना क्षेत्रों में अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष छापामारी अभियान संचालित किया गया. पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के कुल 49 चिन्हित स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों, सुनसान इलाकों तथा संदिग्ध जमावड़े वाले स्थानों की सघन जांच की गई. इस दौरान पुलिस टीम ने कुल 172 व्यक्तियों का सत्यापन किया. सत्यापन के क्रम में लोगों से पहचान संबंधी जानकारी ली गई तथा उनकी गतिविधियों की जांच की गई. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले कुल 3 वाहनों का चालान काटा. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियान का उद्देश्य केवल संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना ही नहीं, बल्कि अपराध की संभावनाओं को पहले ही समाप्त करना भी है. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम करने तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या असामाजिक जमावड़ा दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें. नागरिकों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ही सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है.







