चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत प्रखंड खुंटपानी सभागार में प्रोजेक्ट बदलाव के तहत “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” अभियान का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार उपस्थित रहे. मौके पर जिला खाद आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खालको, प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, जिला परिषद सदस्य यमुना तियु, प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक तथा डॉक्टर आलोक रंजन समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि झारखंड सरकार द्वारा संचालित यह एक प्रमुख राज्यव्यापी माहवारी स्वच्छता अभियान है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों में मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक कलंक को समाप्त करना एवं लोगों को जागरूक करना है. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान के माध्यम से समाज में फैली भ्रांतियों को तोड़ने, महिलाओं एवं किशोरियों को खुलकर बात करने के लिए प्रोत्साहित करने तथा सेनेटरी पैड के उपयोग और सुरक्षित माहवारी स्वच्छता के महत्व के बारे में शिक्षित किया जा रहा है. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने प्रखंड कार्यालय परिसर में उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई तथा “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” अभियान के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के लिए माहवारी स्वच्छता पर खुलकर चर्चा होना बेहद जरूरी है. अभियान के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है.







