कोवाली : कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदरूकोचा गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. जंगल किनारे महुआ चुन रही 65 वर्षीय वृद्ध महिला बुस्की मुर्मू की गांव के ही एक युवक ने लाठी और पत्थरों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है. जानकारी के अनुसार, बुस्की मुर्मू रोज की तरह सुबह गांव के समीप जंगल किनारे महुआ चुनने गई थीं. इसी दौरान गांव का ही राम सरदार वहां पहुंचा और बिना किसी स्पष्ट कारण के उन पर लाठी एवं भारी पत्थरों से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल वृद्धा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. वृद्धा का शव देखकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा. ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी राम सरदार को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलने पर कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. वहीं ग्रामीणों की पिटाई में घायल आरोपी राम सरदार को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी चर्चा हो रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना के कारणों पर आधिकारिक रूप से कुछ कहने की बात कह रही है.







