जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित टीएमएच गोलचक्कर पर सोमवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान जुगसलाई पीबी रोड निवासी मो. हूषाम अख्तर के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मो. हूषाम अख्तर अपनी बाइक से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहे थे. इसी दौरान टाटा स्टील के दमकल वाहन बिष्टुपुर की दिशा में जा रहा था. टीएमएच गोलचक्कर के समीप दोनों वाहन आमने-सामने आ गए, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दमकल वाहन के नीचे चले गए. हादसे में युवक वाहन के पहिए की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को पुलिस की मदद से टेंपो के माध्यम से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया. हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे. युवक की मौत से परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने बाइक और दमकल वाहन को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
इस घटना के बाद शहर के व्यस्त गोलचक्करों और प्रमुख यातायात मार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं.







