जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 के इमामबाड़ा के पास हुए मो तौकीर उर्फ गोरा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद बालिका संप्रेक्षण गृह में पदस्थापित महिला सिपाही संगीता खालको को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद उसे कदमा थाना लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, भालूबासा मुस्लिम बस्ती निवासी संगीता खालको इस मामले में नामजद आरोपी थी. जांच के दौरान उसकी भूमिका सामने आने के बाद कार्रवाई की गयी. संगीता का बेटा मो सलमान पहले से जेल में बंद है और उसके खिलाफ हत्या, फायरिंग, रंगदारी समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि 21 नवंबर 2025 को इमामबाड़ा के पास मो तौकीर उर्फ गोरा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. घटना के बाद मृतक के पिता मो नियाज ने कदमा थाना में विजय पांडेय, शादाब खान उर्फ बिल्ली, अयान, जेल में बंद सलमान खान, उसकी मां संगीता खालको और उसके भाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इस मामले में पुलिस पहले ही विजय पांडेय, अयान, शादाब खान उर्फ बिल्ली और शुभम कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. साथ ही हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल और कार भी बरामद की जा चुकी है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस जांच में सामने आया है कि गोरा की हत्या गैंगवार का परिणाम थी. हमलावरों ने उस पर सात गोलियां चलाई थीं. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया था कि अयान ने छह गोलियां चलाईं, जबकि शादाब खान उर्फ बिल्ली ने एक गोली मारी थी. फिलहाल कदमा पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.







