जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में अपराधियों ने अंतरराष्ट्रीय एथलीट व टाटा मोटर्स कर्मचारी लाल मोहन महंता की पत्नी संगीता महंता (53) को झांसा देकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी की ठगी कर ली. घटना एन टाइप-1 स्थित रॉक गार्डन पार्क के पास गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे की बताई जा रही है. पीड़िता संगीता महांता सब्जी खरीदने के लिए घर से निकली थीं. इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया और खुद को मददगार बताकर विश्वास हासिल कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने महिला को किसी अनहोनी का डर दिखाते हुए शरीर पर पहने सभी कीमती सामान उतारने और कुछ कदम आगे जाकर खड़े होने को कहा. महिला उनके झांसे में आ गई और अपने गले की सोने की चेन, सोने की अंगूठी, पर्स में रखी नकदी, मोबाइल फोन तथा घर की चाबी तक उन्हें सौंप दी. (नीचे भी पढ़ें)
महिला के आगे बढ़ते ही आरोपी मौके से फरार हो गए. कुछ देर बाद जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तब तक अपराधी वहां से निकल चुके थे. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र के लोगों में दहशत है. पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है.







