रांची : चित्रपट झारखंड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 का भव्य समापन रांची सरला बिरला यूनिवर्सिटी परिसर में संपन्न हुआ. समारोह में राज्य के अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की तथा विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड से नए कलाकारों का उभरना और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना अत्यंत सकारात्मक पहल है. उन्होंने कहा कि आज तकनीक हर हाथ में है और सोशल मीडिया कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा को विश्व तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुका है. इसके माध्यम से झारखंड की समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कलाकारों के ऐसे प्रयास भविष्य में झारखंड की सशक्त सांस्कृतिक ब्रांडिंग का आधार बनेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्य अतिथि एवं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज को रचनात्मक दृष्टि प्रदान करना है. उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी त्वरित मनोरंजन के दौर में जी रही है. ऐसे समय में सिनेमा को समाज, परिवार और राष्ट्र के प्रति अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी होगी. उन्होंने चित्रपट झारखंड की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक अभियान बताया. (नीचे भी पढ़ें)

सरला बिरला यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ सी जगन्नाथ ने युवा फिल्मकारों का आह्वान किया कि वे झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को अपनी फिल्मों के माध्यम से विश्व के सामने प्रस्तुत करें. उन्होंने कहा कि मोबाइल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) ने फिल्म निर्माण को पहले की अपेक्षा अधिक सरल बना दिया है, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए सशक्त कहानी, प्रभावी संगीत और आधुनिक तकनीक का संतुलित उपयोग आवश्यक है. (नीचे भी पढ़ें)

यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर जनरल डॉ गोपाल पाठक ने घोषणा की कि चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल से प्रेरित होकर सरला बिरला यूनिवर्सिटी में शीघ्र ही फिल्म मेकिंग की विधिवत पढ़ाई प्रारंभ की जाएगी. उन्होंने कहा कि एआइ तकनीक सिनेमा के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है और झारखंड इस क्षेत्र में अपार संभावनाओं वाला राज्य है. कार्यक्रम का सफल संचालन प्रज्ञा सिंह ने किया. वहीं, धन्यवाद ज्ञापन एवं तीन दिनों के आयोजन की विस्तृत रिपोर्ट चित्रपट झारखंड के अध्यक्ष नंद कुमार सिंह ने प्रस्तुत की. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (उत्तर क्षेत्र) के संघचालक देवव्रत पाहन, सरला बिरला यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ सी जगन्नाथ, डायरेक्टर जनरल डॉ गोपाल पाठक, केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के मास कम्युनिकेशन विभागाध्यक्ष डॉ देवव्रत सिंह, राजीव सिन्हा, फिल्म निर्देशक विकास कुमार, अमरेश कुमार, कुमार विवेक, प्रसून झा, विकास कुमार, प्रवीण दुबे सहित सिनेमा, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. चले इस फिल्म फेस्टिवल में देश के विभिन्न राज्यों से आए फिल्मकारों, विद्यार्थियों और सिनेमा प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. फिल्म प्रदर्शन, कार्यशालाओं, पैनल चर्चाओं तथा संवाद सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को सीखने, विचार-विमर्श करने और आपसी नेटवर्क विकसित करने का अवसर मिला. समापन समारोह के दौरान अगले वर्ष इस महोत्सव को और अधिक व्यापक एवं भव्य रूप में आयोजित करने की घोषणा भी की गई.








