जमशेदपुर : शहरवासियों को बेहतर एवं सुलभ नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में शारदा नेत्रालय द्वारा रविवार को वार्ड संख्या 22 स्थित गंगाराम दास अस्पताल परिसर में निःशुल्क मेगा नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का आयोजन वार्ड 22 की वार्ड पार्षद अंजू देवी एवं वार्ड 23 के वार्ड पार्षद अवधेश सिंह के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ. शिविर में वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ नितिन धीरा के नेतृत्व तथा शारदा नेत्रालय के एडमिनिस्ट्रेशन हेड डॉ अनुराग की देखरेख में मरीजों की विस्तृत नेत्र जांच की गई. इस दौरान दृष्टि परीक्षण, चश्मे की आवश्यकता का मूल्यांकन तथा मोतियाबिंद एवं अन्य नेत्र रोगों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग की गई. शिविर में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. कुल 78 लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई. जिन मरीजों में मोतियाबिंद अथवा अन्य गंभीर नेत्र समस्याओं के लक्षण पाए गए, उन्हें आगे की जांच एवं उपचार के लिए शारदा नेत्रालय आने की सलाह दी गई. साथ ही, सभी मरीजों को आंखों की नियमित देखभाल एवं नेत्र रोगों से बचाव के संबंध में आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिये गए. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर वार्ड पार्षद अंजू देवी एवं अवधेश सिंह ने शारदा नेत्रालय की इस जनसेवा पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं. उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों के आयोजन में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया. शारदा नेत्रालय के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोगों तक गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है. इसी उद्देश्य के तहत आगामी दिनों में शहर के विभिन्न वार्डों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी नियमित रूप से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे.







