जमशेदपुर : जमशेदपुर के डाक विभाग ने राखी को देखते हुए अपनी ओर से तैयारी तेज की है. इसको देखते हुए डाक विभाग के पदाधिकारियों ने जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू से मुलाकात की. इस वर्ष रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने समस्त जमशेदपुरवासियों, झारखंड वासियों और विशेषकर हमारी प्यारी बहनों से एक विशेष और आत्मीय अपील की है. आइए, इस रक्षाबंधन को और अधिक सार्थक, पर्यावरण-अनुकूल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से जोड़ें. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ को दें बढ़ावा. इस रक्षाबंधन पर हमारी बहनें अपने हाथों से बनी पर्यावरण-अनुकूल राखियां ही भाइयों को भेजें. यदि आप राखी खरीद रही हैं, तो हमारे स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों की बहनों द्वारा बनाई गई स्वदेशी राखियां ही खरीदें. इससे हमारे स्थानीय परिवारों को संबल मिलेगा. ऑनलाइन माध्यमों से सीधे राखी भेजने में वह अपनत्व और भावनात्मक स्पर्श नहीं मिल पाता इसलिए, अपनी राखियों को अपने हाथों से छूकर, अपनी भावनाओं को समेटकर, भारत सरकार के संचार मंत्रालय, डाक विभाग के ‘स्पीड पोस्ट’ के माध्यम से ही अपने भाइयों तक भेजें. (नीचे भी पढ़ें)
सरहद पर हमारी सुरक्षा में तैनात उन वीर भाइयों को भी राखी भेजना न भूलें, जो हमारे सुखी और सुरक्षित जीवन के लिए दिन-रात मुस्तैद खड़े हैं. जब तक बहन के हाथों का स्पर्श राखी की डोर को नहीं छुएगा, तब तक भाई की कलाई तक वो सच्चा प्यार कैसे पहुंचेगा? ऑनलाइन के इस दौर में आइए, डाक विभाग के माध्यम से अपनी भावनाओं को अपने भाइयों तक पहुंचाएं और इस रिश्ते को और मजबूत बनाएं.







