जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र की कॉलोनी रोड नंबर-3 में कथित प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद का मामला सामने आया है. एक घर से एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. घायल युवक की पहचान आशीष कुमार के रूप में हुई है. आशीष कुमार का आरोप है कि बागबेड़ा निवासी एक युवती के साथ पिछले करीब डेढ़ वर्ष से उसका प्रेम संबंध था. युवक के मुताबिक, युवती के बुलाने पर वह जमशेदपुर आया था. आरोप है कि युवती के परिजनों ने उसे घर के अंदर बंद कर दिया और उसके साथ मारपीट की. युवक ने यह भी दावा किया कि इस दौरान उसका मोबाइल फोन ले लिया गया, जिसमें बैंक लेन-देन से संबंधित जानकारी, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, दूसरी ओर युवती के पिता ने युवक पर उनकी बेटी के कमरे में घुसकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. इस तरह दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
मामले की सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा थाना पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है. सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच के बाद ही मामले के तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




