आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में गुरुवार को हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट में गंभीर रूप से झुलसे मजदूर मुरली पात्रो (30) की इलाज के दौरान टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में मौत हो गई. इस हादसे में महिला कर्मी सहित कुल सात मजदूर घायल हुए थे. घटना के बाद से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है. गम्हरिया का रहने वाला मृतक मुरली कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था. विस्फोट में वह गंभीर रूप से झुलस गया था, जिसके बाद उसे अन्य घायलों के साथ तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) भेजा गया था. चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना में घायल सूरज हांसदा, सोनमुनी दास और अनिल यादव का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं शैलेंद्र महतो, अंकित कुमार और प्रकाश बोदरा का उपचार स्थानीय संजीवनी नर्सिंग होम में चल रहा है. सभी घायलों का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है. प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसा सिलेंडर ब्लास्ट के कारण हुआ. हालांकि विस्फोट किस कारण हुआ, इसके पीछे तकनीकी खराबी, गैस रिसाव अथवा कोई अन्य वजह थी, इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है. पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं. घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और फैक्ट्री प्रबंधन से हादसे से संबंधित जानकारी जुटानी शुरू की. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. इधर पूरे घटनाक्रम पर फैक्ट्री प्रबंधन की चुप्पी और मीडिया से दूरी कई सवाल खड़े कर रही है. हादसे के कई घंटे बीत जाने के बाद भी कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. इससे सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा. यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




