जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस प्रशासन का नया और अत्याधुनिक एसएसपी कार्यालय भवन बनकर तैयार हो गया है. नए भवन में कार्यालय शिफ्ट करने की प्रशासनिक तैयारियों के बीच वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब ने गुरुवार को भवन का औचक निरीक्षण किया. उनके साथ सिटी एसपी ललित मीणा और एएसपी (प्रशिक्षु) ऋषभ त्रिवेदी भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने तीन मंजिला भवन के एक-एक कमरे और उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया.
करीब नौ करोड़ की लागत से बना भवन : वर्तमान एसएसपी कार्यालय के ठीक सामने बने इस बहुमंजिला पुलिस प्रशासनिक परिसर का निर्माण तत्कालीन एसएसपी प्रभात कुमार के कार्यकाल में शुरू हुआ था. करीब नौ करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार भवन का सिविल निर्माण कार्य वर्ष 2025 में पूरा हो गया था. इसके बाद आंतरिक फिनिशिंग और कार्यालय शिफ्टिंग की प्रक्रिया लंबित थी. (नीचे भी पढ़ें)
कमरों और सुविधाओं का लिया जायजा : निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने तीनों तलों पर बने अधिकारियों के चैंबर, प्रशासनिक शाखाओं, जनसुनवाई कक्ष सहित अन्य कमरों की स्थिति देखी. उन्होंने अधिकारियों के साथ कमरों के आवंटन, सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों की सुविधा को लेकर चर्चा की. सभागार और कुछ प्रमुख कार्यालयों में फर्नीचर व डिजिटल उपकरण लगाने का काम अभी बाकी है. (नीचे भी पढ़ें)
फरियादियों को मिलेगी बेहतर सुविधा : नए भवन में अधिक जगह होने से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दूर-दराज से आने वाले फरियादियों को भी सुविधा मिलेगी. यहां महिला हेल्प डेस्क, मीडिया सेल, बेहतर जनसुनवाई व्यवस्था और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. निरीक्षण से संकेत मिल रहा है कि पुलिस प्रशासन जल्द ही नए भवन में कार्यालय शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर सकता है.




