जमशेदपुर : रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर ईस्ट (आरसीजेई) का 49वां पदस्थापना समारोह गोलमुरी क्लब में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ. इस अवसर पर रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए नई टीम ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया. समारोह में पीडीजी डॉ आर भारत, पीडीजी रोटेरियन रोनाल्ड डीकोस्टा और असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन शिवानी गोयल की विशेष उपस्थिति रही. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रोटेरियन प्रतिम बनर्जी द्वारा नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाना रहा. शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने नई टीम को रोटरी के मूल मंतव्य सेवा सर्वोपरि के प्रति समर्पित रहकर समाज सेवा के कार्य आगे बढ़ाने का संदेश दिया. रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए नवनिर्वाचित अध्यक्ष वीना मित्रा एवं सचिव सुजय जे कर्नाड ने पदभार संभाला. इसके साथ ही नवगठित बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को बधाई दी गई और यह विश्वास जताया गया कि नई टीम क्लब की सेवा परंपरा को और ऊंचाइयों तक ले जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

समारोह के दौरान रोटरी वर्ष 2025-26 की निवर्तमान टीम अध्यक्ष रोटेरियन पुनीत कांवटिया एवं सचिव रोटेरियन आर संतोषी को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित व धन्यवाद ज्ञापित किया गया. उनके कार्यकाल में क्लब ने कई प्रभावी सामाजिक सेवा परियोजनाओं का सफल संचालन किया और सदस्यों के बीच आपसी सहभागिता को सुदृढ़ बनाया. क्लब के सदस्यों ने वरिष्ठ रोटरी नेतृत्व के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में नई टीम को मंगलकामनाएं देने के साथ हुआ.




