रांची : झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी शिकायतों और कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ लगातार आवाज उठा रहे हैं. खासकर जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों को लेकर उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. संजय सेठ का कहना है कि झारखंड के लाखों युवाओं का भविष्य प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ा है. ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया पर उठने वाले हर गंभीर सवाल की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच जरूरी है. दोषी चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने जेपीएससी से जुड़े मामलों और टीडीपीएल की कथित भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. सेठ ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की ओर से कराई जा रही एसआइटी और सीआइडी जांच से अब तक अपेक्षित नतीजे सामने नहीं आए हैं. उन्होंने मौजूदा जांच को महज ‘आई वॉश’ बताते हुए आशंका जताई कि बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
सेठ ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया, उत्तर पुस्तिकाओं या अन्य अनियमितताओं को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की गहराई से जांच होनी चाहिए. इससे सच्चाई सामने आएगी और युवाओं का प्रतियोगी परीक्षाओं पर भरोसा भी कायम रहेगा. वहीं, रांची, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम के कई छात्रों एवं अभ्यर्थियों ने युवाओं से जुड़े मुद्दे लगातार उठाने के लिए संजय सेठ के प्रति आभार जताया है. छात्रों का कहना है कि उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाए जाने से न्याय की उम्मीद बढ़ी है. अभ्यर्थियों ने जेपीएससी-जेएसएससी से जुड़े विवादों की सीबीआइ जांच की मांग भी दोहराई है. उनका मानना है कि स्वतंत्र जांच से पूरे मामले के तथ्य सामने आ सकेंगे और यदि कोई दोषी है तो उसकी जवाबदेही तय हो सकेगी.




