जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के करनडीह पंचायत अंतर्गत उत्तरी करनडीह के ग्रामीणों ने मुख्य सड़क किनारे स्थित सरकारी नाली को बंद किए जाने से उत्पन्न जलजमाव और गंदगी की समस्या को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से क्षेत्र के घरों और प्लॉटों का पानी मुख्य सड़क किनारे बनी सरकारी नाली के माध्यम से निकासी होता रहा है. लेकिन हाल के दिनों में कुछ व्यक्तियों द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना, जनसहमति या प्रशासनिक अनुमति के नाली को सीमेंट, बालू और मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया. इससे जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों के अनुसार, नाली बंद होने के कारण सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही क्षेत्र में गंदगी फैलने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका भी बढ़ गई है. ज्ञापन में बताया गया है कि इस मामले की लिखित शिकायत परसुडीह थाना में भी की गई थी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है. वहीं, अंचल अधिकारी द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बावजूद प्रभावित ग्रामीणों से समुचित विचार-विमर्श नहीं किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन के साथ हुई बैठक में भी प्रभावित लोगों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया. उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सरकारी नाली से अवरोध हटाया जाए तथा जल निकासी की व्यवस्था को पूर्ववत बहाल किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.




