जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत शांतिनगर स्थित स्वर्णरेखा नदी के बीच चट्टान पर मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार, स्थानीय युवक परशुराम नदी में स्नान करने गया था. इसी दौरान उसकी नजर नदी के बीच चट्टान पर पड़े शव पर पड़ी. उसने तुरंत इसकी सूचना उलीडीह ओपी को दी. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव को बाहर निकालने के लिए तत्काल कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया गया. इसी बीच, असंगी डैम में डूबे मीर हसीन तनवीर के परिजनों को भी सूचना दी गई. परिजन स्थानीय मछुआरों के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान करने का प्रयास किया. (नीचे भी पढ़ें)
मछुआरों ने शव तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन शव से तेज दुर्गंध आने के कारण वे वापस लौट गए. परिजनों ने स्पष्ट किया कि नदी में मिला शव मीर हसीन तनवीर का नहीं है. बताया गया कि शव पर नीले रंग की टी-शर्ट और नीली जींस पहनी हुई है. समाचार लिखे जाने तक शव नदी के बीच चट्टान पर ही पड़ा था और उसे बाहर नहीं निकाला जा सका था. फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.




