जमशेदपुर: शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज़ादनगर पुलिस ने मंगलवार को अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर जांच की और सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह जमा लोगों को हटाया. अभियान के तहत मुर्दा मैदान, नेचर पार्क, करीम सिटी कॉलेज रोड, ओल्ड पुरुलिया रोड, अलबेला गार्डन पुलिया, चेपापुल तथा पारडीह चौक समेत कई स्थानों पर सघन जांच की गई. इस दौरान पुलिस ने सार्वजनिक जगहों पर अनावश्यक रूप से बैठे लोगों को समझाते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी.(नीचे भी पढ़े)

थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्थानों पर अड्डेबाजी की आड़ में असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित होता है. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया. उन्होंने कहा कि अपराध, नशाखोरी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित गश्त और छापेमारी जारी रहेगी. यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करता है, नशाखोरी करता है या किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत आज़ादनगर थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.पुलिस का कहना है कि ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, जिससे अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे और शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके.




