पोटका : पोटका प्रखंड मुख्यालय स्थित ब्लॉक कार्यालय में आयोजित ड्राइविंग लाइसेंस शिविर के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली. बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने लंबी कतार, सीमित आवेदन प्रक्रिया और अव्यवस्थित प्रबंधन को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कुछ युवाओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पोटका विधायक संजीव सरदार के खिलाफ नारेबाजी भी की. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शिविर को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई. उनका कहना था कि दूर-दराज़ से पहुंचे कई लोग भीषण गर्मी और उमस में घंटों इंतजार करने के बाद भी आवेदन नहीं कर सके और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा. (नीचे भी पढ़ें)
कुछ युवाओं ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक संजीव सरदार शिविर में आए, फोटो खिंचवाई, भाषण दिया और वहां से चले गए, जबकि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ. हालांकि, इस आरोप पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि भविष्य में ऐसे शिविरों में पर्याप्त काउंटर, पारदर्शी प्रक्रिया और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी पात्र आवेदकों को बिना परेशानी के लाभ मिल सके.







