जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई. बैठक में ब्लड की उपलब्धता, जन शिकायतों के निष्पादन, मुख्यमंत्री अस्पताल संचालन रिपोर्ट, आयुष्मान भारत योजना, मलेरिया जांच एवं उपचार, प्रोजेक्ट उल्लास के तहत मिर्गी रोगियों के उपचार एवं फॉलोअप, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कुपोषण प्रबंधन, डायलिसिस सेवा सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में उपायुक्त ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं जितनी सुदृढ़ होंगी, जिले के स्वास्थ्य संकेतकों में उतना ही बेहतर सुधार देखने को मिलेगा. उन्होंने जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन पर जोर देते हुए सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों (एमओआईसी) को नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह होकर कार्य करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़े)
जिले में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ने प्रत्येक माह कम-से-कम 10 ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया. इसके लिए विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक एवं औद्योगिक संस्थानों के सहयोग से नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने पर भी चर्चा हुई. बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे. मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जांच अभियान की गति किसी भी स्थिति में धीमी नहीं पड़ने देने का निर्देश दिया. बताया गया कि जिले में अब तक लगभग 3 लाख लोगों की मलेरिया जांच की जा चुकी है। उन्होंने समय पर जांच, उपचार एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने रूटीन इम्यूनाइजेशन (आरआई) सत्रों में छूटे हुए बच्चों एवं परिवारों की पहचान कर उन्हें नियमित टीकाकरण से जोड़ने के निर्देश दिए. कुपोषण प्रबंधन को लेकर बहरागोड़ा, घाटशिला, मुसाबनी, पोटका एवं टेल्को स्थित एमटीसी में बेड ऑक्यूपेंसी बढ़ाने तथा पात्र बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. प्रोजेक्ट उल्लास के अंतर्गत मिर्गी रोगियों की पहचान एवं उपचार की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा चिन्हित मरीजों का सतत फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा. (नीचे भी पढ़े)
वहीं सदर अस्पताल एवं घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में संचालित डायलिसिस सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित रखने, मशीनों के नियमित रखरखाव एवं मरम्मत कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए. संस्थागत प्रसव की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया. उन्होंने समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. बैठक में डेंगू, टीबी, कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, एनीमिया मुक्त भारत एवं फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्क्रीनिंग, जांच एवं उपचार सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, डॉ. रंजीत पांडा, डॉ. मृत्युंजय धावड़िया, सभी एमओआईसी, डीपीसी, डीडीएम, बीएएम, बीपीएम, बीडीएम तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.















