रांची : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने राजधानी में प्रदर्शन किया. बुधवार को छात्रों ने करीब 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ मार्च निकालकर अपनी मांगों को सार्वजनिक रूप से दोहराया और सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील की. दूसरी ओर, तेज बारिश के बावजूद आंदोलनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ. बारिश में भीगते हुए बड़ी संख्या में छात्र तिरंगा थामे सड़कों पर आगे बढ़ते रहे. यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों के साथ भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई गई. इस बीच राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा छात्रों का आंदोलन अब और भी ज्यादा गर्माता जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

सरकार की तरफ से छात्रों को बातचीत का न्योता दिया गया था, लेकिन आंदोलन कर रहे युवाओं ने मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव को सीधे तौर पर खारिज कर दिया है. छात्रों का साफ कहना है कि अगर सरकार वाकई इस समस्या का हल चाहती है, तो मुख्यमंत्री को खुद धरनास्थल पर आकर सभी के सामने खुली बात करनी होगी. दूसरी ओर, इस मामले में काक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) की भी इंट्री हो गयी है. सीजेपी के मुख्य कर्ताधर्ता अभिजीत दिपके ने घोषणा कर दी है कि वे झारखंड के दौरे पर आयेंगे और वे आंदोलनकारियों का साथ देंगे. इस आंदोलन में सबका सहयोग करेंगे. इसके बाद माहौल गर्म हो गया है. सरकार इससे घबरा गयी है.




