जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-3 में सरकारी जमीन और पुराने स्कूल परिसर पर कथित कब्जे के प्रयास को लेकर स्थानीय लोगों ने कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. बस्तीवासियों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने आदर्श बाल मध्य विद्यालय भवन को तोड़ने तथा उसके आगे-पीछे स्थित खाली सरकारी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की. उन्होंने पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई करने की मांग की है. शिकायत के अनुसार, आदर्श बाल मध्य विद्यालय करीब 60 वर्षों से सरकारी जमीन पर संचालित होता रहा है. स्थानीय लोगों का दावा है कि विद्यालय का निर्माण जनसहयोग और सरकारी निधि से हुआ था. स्कूल परिसर की खाली जमीन का वर्षों से शादी-विवाह, धार्मिक अनुष्ठान, सरस्वती पूजा, गणेश पूजा, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस, बच्चों के खेलकूद, पोलियो अभियान, सरकारी वितरण कार्यक्रम और आपदा राहत कार्यों में उपयोग होता रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि विद्यालय संचालन समिति से जुड़े कुछ लोगों ने निजी स्वार्थ में स्कूल की संपत्ति, फर्नीचर और दस्तावेज दूसरे विद्यालय में स्थानांतरित कर दिए. इसके बाद स्कूल भवन और परिसर की जमीन पर कब्जे की कोशिश शुरू कर दी गई. शिकायत में सुनील यादव, भूपेंद्र यादव समेत 10 से 12 अन्य लोगों पर शुक्रवार सुबह स्कूल भवन तोड़ने और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है. विरोध करने पर स्थानीय लोगों को जान से मारने, अगवा करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ताओं ने बताया कि वर्ष 2004 और 2006 में भी इसी तरह के मामलों में कदमा थाना में आवेदन दिया गया था, जिसकी प्रतियां भी पुलिस को सौंपी गई हैं. समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी.




