बड़ाजामदा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा से मनोहरपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित सेंडैल घाटी के ढलान वाले हिस्से में सड़क धंसने लगी है. लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी का कटाव तेज हो गया है और कई स्थानों पर सड़क में लंबी व गहरी दरारें उभर आई हैं.वहीं, सड़क किनारे लगाए गए सुरक्षा बैरियर के नीचे की जमीन भी कमजोर पड़ गई है. इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों की की चिंता बढ़ गई है. साथ ही सड़क की मजबूती पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. (नीचे भी पढ़े)
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार वर्षा होने पर कटाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. यह मार्ग घाटी और तीखे मोड़ों से होकर गुजरता है, इसलिए यहां से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों के चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है.स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत नहीं कराई गई, तो सड़क का बड़ा भाग धंस सकता है. इससे आवागमन बाधित होने के साथ गंभीर सड़क दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाएगी.लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कराने, सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके.




