जमशेदपुर : साकची स्थित उत्कल एसोसिएशन के चुनाव को लेकर रविवार को मतदान शुरू होने से पहले ही माहौल गरमा गया. एक ओर वर्तमान प्रबंधन वाले गुट के सदस्य मतदान की तैयारियों में जुटे थे, वहीं विपक्षी खेमे के दर्जनों सदस्यों ने चुनाव प्रक्रिया का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया. विपक्षी सदस्यों ने हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर ‘ब्लैक डे’ मनाने की घोषणा की और चुनाव के विरोध में जमकर नारेबाजी की. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान संस्था का वर्तमान प्रबंधन पक्ष और विपक्ष आमने-सामने नजर आया. चुनाव पदाधिकारी ने जिला प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण और सुरक्षित मतदान कराने की तैयारी पूरी होने का दावा किया है. वहीं आजीवन सदस्य अशोक कुमार सामंत ने 109 नए सदस्यों की वैधता और हाईकोर्ट में विचाराधीन मामले का हवाला देते हुए चुनाव की पारदर्शिता पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब तक न्यायालय के आदेश की प्रमाणित प्रति उपलब्ध नहीं कराई जाती, तब तक चुनाव कराना उचित नहीं है. उन्होंने चुनाव का विरोध जारी रखने की बात कही. (नीचे भी पढ़ें)
चुनाव प्रक्रिया के तहत रविवार सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा. कुल 25 कार्यकारिणी सदस्यों का चयन किया जाएगा. इसके लिए 25 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं और 30 पोलिंग अफसर नियुक्त किए गए हैं. शनिवार को प्रत्याशियों को आइडी कार्ड, सैंपल बैलेट पेपर और फूड कूपन वितरित किए गए. मतदान के बाद नव निर्वाचित सदस्य अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष का चुनाव करेंगे.




