जमशेदपुर : अन्ना चौक से एनएच-33 मुख्य राजमार्ग और स्टेट हाइवे को जोड़ने वाली लुआबासा पुलिया की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. वर्षों से बदहाल पुलिया से प्रतिदिन सैकड़ों मजदूर, राहगीर और भारी वाहन गुजरते हैं. पुलिया की स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और पूर्व में कई लोग हादसों का शिकार भी हो चुके हैं.(नीचे भी पढ़ें)

रविवार को पुलिया की बदहाली से आहत एक ग्रामीण ने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया. ग्रामीण ने पुलिया के समीप हवन कर लोगों की सुरक्षित यात्रा की कामना की. उनका कहना था कि यह हवन किसी धार्मिक आयोजन के लिए नहीं, बल्कि इस उम्मीद के साथ किया गया है कि पुलिया से गुजरने वाले किसी व्यक्ति के साथ हादसा न हो, किसी मां की गोद सूनी न हो, किसी बहन का सिंदूर न मिटे और कोई परिवार सड़क हादसे के कारण बर्बाद न हो. (नीचे भी पढ़ें)

ग्रामीणों का आरोप है कि जिला पार्षद, विधायक और सांसद भी इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन वर्षों से पुलिया की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. लोगों ने बताया कि करीब छह महीने पहले हस्ताक्षर अभियान चलाकर उपायुक्त को आवेदन सौंपा गया था. इसके बावजूद अब तक मरम्मत शुरू नहीं होने से नाराजगी बढ़ रही है. नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों ने प्रशासन और जन प्रतिनिधियों से जल्द पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह जर्जर पुलिया किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.




