जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीगुमा एनएच-33 स्थित एक गुमटी से गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद की है. पुलिस ने मौके से नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा (34) को गिरफ्तार किया है. इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार युवक को जेल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि किया कार शोरूम के पास स्थित बिस्किट-चॉकलेट की गुमटी की आड़ में नितेश झा अवैध रूप से गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप बेच रहा है. (नीचे भी पढ़े)

सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया.पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया. गुमटी की तलाशी के दौरान 2 किलो 60 ग्राम गांजा,प्रतिबंधित ओनरेक्स कोडीन फॉस्फेट सिरप की 7 बोतलें (100 एमएल) और 3,320 रुपये नकद बरामद किए गए.पुलिस ने इसके अलावा एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 11 मिट्टी के चिलम और एक स्मार्टफोन भी जब्त किया है. बरामद गांजे में 790 ग्राम छोटे-छोटे पुड़ियों में और 1.270 किलोग्राम हरे रंग की पॉलीथिन में रखा हुआ था.(नीचे भी पढ़े)
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि वह अन्य लोगों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से गांजे का अवैध कारोबार करता था. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच कर रही है.छापामारी दल में डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, पुअनि आनंद कुमार, सअनि मो. माजिद उद्दीन, सअनि नरेंद्र बिहारी सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.








