जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई. साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) से शुरू हुई यात्रा जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय गोलचक्कर तक पहुंची. जहां पर कार्यक्रम का समापन हुआ.(नीचे भी पढ़े)

यात्रा में हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए. देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा और वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. इसके अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, बुद्धिजीवी और समाजसेवी भी यात्रा का हिस्सा बने. युवाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली.(नीचे भी पढ़े)
इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया. उनके बलिदान और संघर्ष को याद करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है. नेताओं ने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए. तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया.(नीचे भी पढ़े)
भाजपा की तिरंगा यात्रा में शामिल हुए जदयू के पदाधिकारी

जमशेदपुर: भाजपा के जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा के आमंत्रण पर जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई के पदाधिकारी जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए.इस अवसर पर जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता करते हुए राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया.(नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम में जनता दल (यूनाइटेड) के कुलविंदर सिंह पन्नू, दुर्गा राव, भास्कर मुखी, विकास साहनी, संजीव सिंह, राजेश प्रसाद, दीपक गौड़, प्रवीण सिंह, बबलू कुमार, गणेश चंद्रा, मनोज गुप्ता, सीमा पांडे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.







