
जमशेदपुर : जेपीएससी- जेएसएससी अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा की ओर से मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया गया है. हालांकि, जमशेदपुर में सुबह के समय बंद का खास असर देखने को नहीं मिला. शहर के कई प्रमुख इलाकों में दुकानें सामान्य रूप से खुली रहीं और बाजारों में लोगों की आवाजाही जारी रही. (नीचे भी पढ़ें)

सड़कों पर टेंपो समेत अन्य सार्वजनिक एवं निजी वाहन भी सामान्य रूप से चलते नजर आए. शहर की रफ्तार आम दिनों की तरह बनी हुई है. बाजारों में भी कारोबार सामान्य दिखाई दिया. ऐसे में फिलहाल जमशेदपुर में भाजपा के बंद का व्यापक असर देखने को नहीं मिल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

हालांकि, बंद का दिन अभी बाकी है. आने वाले घंटों में यदि बंद समर्थक सड़क पर उतरते हैं या दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद करने की अपील करते हैं, तो बाजार और यातायात व्यवस्था पर असर पड़ सकता है. फिलहाल जमशेदपुर की तस्वीर यही है कि बंद का ऐलान तो हुआ है, लेकिन शहर की रफ्तार नहीं थमी है. अब नजर इस बात पर है कि दिन बढ़ने के साथ बंद का असर बढ़ता है या शहर में जनजीवन सामान्य बना रहता है




