
जमशेदपुर : झारखंड में जेपीएससी एवं जेएसएससी पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों द्वारा विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में भाजपा बारीडीह मंडल ने मंगलवार को बंद का समर्थन करते हुए दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपने हक और भविष्य की मांग को लेकर मार्च कर रहे छात्रों एवं पत्रकारों पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों पर गंभीर प्रहार है. भाजपा बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक के नेतृत्व में बारीडीह एवं सिदगोड़ा बाजार के दुकानदारों से संपर्क कर बंद को सफल बनाने का आग्रह किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

नेताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा. यह लड़ाई केवल छात्रों की नहीं, बल्कि झारखंड के हर युवा के भविष्य और अधिकार से जुड़ी है. इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला आईटी संयोजक बिनोद कुमार सिंह समेत मंडल के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.




