पश्चिमी सिंहभूम / रामगोपाल जेना : पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे संयुक्त अभियान और झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के सकारात्मक असर के बीच कोल्हान, पोड़ाहाट एवं सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. मंगलवार को चार सक्रिय नक्सलियों ने पुलिस एवं सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया. आत्मसमर्पण करने वालों में 10 लाख रुपये का इनामी जोनल कमांडर सदस्य सालुका कायम भी शामिल है. पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन नवजीवन-III के तहत 11 अगस्त को चार नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया. इनमें सालुका कायम के अलावा कोदोमुनी कोड़ा, पिंकी पूर्ती और अनिता तामसोय शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)

10 लाख के इनामी सालुका कायम ने डाले हथियार : सालुका कायम के खिलाफ चाईबासा में 90 और सरायकेला में छह, कुल 96 मामले दर्ज हैं. उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था. आत्मसमर्पण के दौरान उसने एक एके-47 राइफल, दो मैगजीन और 843 राउंड कारतूस समेत अन्य सामग्री पुलिस को सौंपी. वहीं, दस्ता सदस्य कोदोमुनी कोड़ा के खिलाफ चाईबासा में सात मामले दर्ज हैं. उसने वायरलेस सेट, पिस्टल के कारतूस और 697 राउंड जमा किए. पिंकी पूर्ती पर चाईबासा में 13 मामले दर्ज हैं. उसके पास से वायरलेस सेट, पिस्टल के कारतूस और 639 राउंड बरामद हुए.
चौथी आत्मसमर्पित नक्सली अनिता तामसोय उर्फ अनिता कायम पर चाईबासा में 12 और सरायकेला में एक, कुल 13 मामले दर्ज हैं. उसने एक आइएनएसएएस राइफल, पांच मैगजीन और 97 कारतूस समेत अन्य सामग्री पुलिस को सौंपी. (नीचे भी पढ़ें)
2025 से अब तक 49 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण : पुलिस के मुताबिक पश्चिमी सिंहभूम में वर्ष 2025 से जुलाई 2026 तक कुल 49 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है. इस दौरान पुलिस मुठभेड़ में 22 नक्सली मारे गए और 60 गिरफ्तार किए जा चुके हैं. सुरक्षा बलों द्वारा कई हथियार एवं आइइडी भी बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों, सुरक्षा बलों की कार्रवाई, संगठन के आंतरिक शोषण से मोहभंग तथा राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के कारण नक्सलियों के मुख्यधारा में लौटने का सिलसिला जारी है. कोल्हान, पोड़ाहाट और सारंडा के दुर्गम जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रेस वार्ता में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद : आत्मसमर्पण के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में कमांडेंट, सीआरपीएफ 60वीं बटालियन, पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां, पुलिस अधीक्ष चाईबासा, डीआईजी कोल्हान, डीआईजी, सीआरपीएफ (ऑप्स), चाईबासा, कमांडेंट सीआरपीएफ 174वीं बटालियन, कमांडेंट सीआरपीएफ 197वीं बटालियन, 209 कोबरा एसडीपीओ, चक्रधरपुर, एएसपी आपरेशन चाईबासा, एसडीपीओ सदर, एसडीपीओ चांडिल, डीएसपी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे.








