जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3.865 किलो गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से गांजा के अलावा सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी भी बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान डुमरिया थाना क्षेत्र के तुरीगोड़ा निवासी करीब 33 वर्षीय माधव कर्मकार है. पुलिस के अनुसार 10 अगस्त की शाम करीब 8:30 बजे जमशेदपुर के एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति खकड़ीपाड़ा से अश्वनी चौक जाने वाले रास्ते के आसपास सफेद रंग की बोलेरो में अवैध गांजा लेकर बिक्री की तैयारी में है. सूचना मिलने के बाद एसएसपी के निर्देश पर सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के निगरानी तथा पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोविंदपुर थाना क्षेत्र में अश्वनी चौक से खकड़ीपाड़ा जाने वाली सड़क के पास छापेमारी की. (नीचे भी पढ़ें)

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बोलेरो संख्या जेएच05जे7070 को पकड़ा और उसमें सवार माधव कर्मकार को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 3.865 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया. (नीचे भी पढ़ें)

ओडिशा के क्योंझर से लाता था गांजा : पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह गांजा ओडिशा के क्योंझर से लेकर आता था. इसके बाद जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में छोटे-छोटे पुड़िया बनाकर घूम-घूमकर गांजा बेचता था. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.







