जमशेदपुर : आज के दौर में जहां सड़क पर गिरे पैसे को अपना समझ लेने की खबरें आम हैं, वहीं गोविंदपुर के गदरा निवासी छात्र सौरभ गोप ने इमानदारी की मिसाल पेश की है. सौरभ अपनी बहन के साथ किसी काम से साकची बाजार आए थे. इसी दौरान उन्हें साकची स्थित नेशनल इलेक्ट्रॉनिक के बाहर सड़क पर किसी के गिरे हुए 7,100 रुपये मिले. सौरभ ने काफी देर तक वहीं रुककर रुपये के वास्तविक मालिक का पता लगाने की कोशिश की. (नीचे भी पढ़ें)
आसपास पूछताछ करने के बावजूद जब रुपये के मालिक का कोई पता नहीं चल सका, तो उन्होंने रकम अपने पास रखने के बजाय साकची थाना पहुंचकर पुलिस को सौंप दी. सौरभ के इस कदम की लोगों ने सराहना की. आज के समय में नगद रुपये मिलने के बाद उन्हें लौटाने का फैसला करना निश्चित रूप से अनुकरणीय है. सौरभ जैसे युवाओं की इमानदारी यह साबित करती है कि समाज में इंसानियत और अच्छे संस्कार आज भी जिंदा हैं.




