रांची: झारखंड विधानसभा की कार्यवाही स्पीकर ने अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया. वहीं इससे पहले झारखंड विधानसभा में मंगलवार को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मुद्दे को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की. विपक्ष के विधायक सरकार के खिलाफ नारे लगाते रहे और छात्रों पर कार्रवाई को लेकर जवाब मांगते रहे. इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला.सीएम हेमंत सोरेन ने विपक्ष को परजीवी बताते हुए कहा कि उसका अपना कोई रस नहीं बचा है और अब वह छात्रों की आड़ में अपनी ताकत दिखाने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने विपक्ष के हंगामे पर तंज कसते हुए कहा कि भैंस के सामने बीन बजाने से कोई फायदा नहीं है. सरकार अपना काम करती रहेगी.मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष पहले भगवा वस्त्र और अब छात्रों का चोला ओढ़कर लोगों को गुमराह करने का काम कर रहा है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने विपक्ष पर छात्रों को भड़काने और राज्य के विकास में बाधा डालने का भी आरोप लगाया.जेपीएससी और दूसरी परीक्षाओं को लेकर सीएम ने कहा कि सरकार टी़डीपीएल से जुड़ी सभी परीक्षाओं की जांच कराने के लिए तैयार है और जांच चल भी रही है. उन्होंने टीडीपीएल को लेकर आरोप लगाया कि यह लखनऊ की कंपनी है और यूपी-बिहार के लोगों के साथ मिलकर झारखंड के युवाओं को ठगने का काम कर रही है.सीएम ने कहा कि सरकार छात्रों के हित में कई परीक्षाओं को रद्द करने और उनकी जांच कराने का फैसला ले चुकी है. उन्होंने दावा किया कि छात्र आंदोलन से जुड़े लोग भी सरकार के रिफॉर्म्स से सहमत हैं. भविष्य में परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आईआईटी, आईआईएम और एक्सएलआरआई जैसे संस्थानों से सलाह ली जा रही है.अपने भाषण में हेमंत सोरेन ने भाजपा और आरएसएस पर भी निशाना साधा. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि जिन्होंने 70 साल तक तिरंगा नहीं उठाया, वे आज तिरंगा लेकर देश को गुमराह कर रहे हैं. उन्होंने विपक्ष को व्यापारियों की जमात बताते हुए आरोप लगाया कि उनके पास नोटों के बंडल हैं और वे धनबल के जरिए लोकतंत्र को खरीदना चाहते हैं. मुख्यमंत्री ने संवैधानिक संस्थाओं और गोदी मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी विपक्ष पर आरोप लगाए. वहीं छात्रों के आंदोलन के दौरान स्थिति संभालने के लिए उन्होंने प्रशासन और पुलिस के धैर्य की तारीफ की. भाषण के अंत में सीएम हेमंत सोरेन ने कवि भूखनाथ पांडे की व्यंग्य कविता गिरोह भी सदन में पढ़ी. कविता के जरिए उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, इतना गिरो कि गुरुत्वाकर्षण बल भी शर्म के मारे गिर पड़े. उन्होंने रुपये, चरित्र, गर्व, बेशर्मी और बेदर्दी के साथ गिरने का जिक्र करते हुए विपक्ष पर कटाक्ष किया. सीएम ने कहा कि यही विपक्ष का असली सच है.वहीं विपक्ष लगातार छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर सरकार को घेरता रहा. सदन में काफी देर तक हंगामा और नारेबाजी होती रही. विधानसभा अध्यक्ष ने सदस्यों से अपने-अपने आसन पर जाने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहा. इसके बाद स्पीकर ने विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई.




