जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र से जुड़े इनोवा कार धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलाम हरी दत्ता सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद उसे मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
मामला कदमा थाना कांड संख्या 122/24, दिनांक 20 जुलाई 2024 से संबंधित है. आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था.पुलिस जांच के मुताबिक, वर्ष 2023 में चार से पांच लोगों ने कथित तौर पर मिलकर एक इनोवा कार से संबंधित धोखाधड़ी को अंजाम दिया था. आरोप है कि धोखाधड़ी के बाद कार को मणिपुर में बेच दिया गया. (नीचे भी पढ़े)
मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी.इसी क्रम में कदमा थाना पुलिस को फरार आरोपी सलाम हरी दत्ता सिंह के दिल्ली में होने की जानकारी मिली. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया.गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जमशेदपुर लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है.यह कार्रवाई कदमा थाना के पुलिस पदाधिकारी धनंजय कुमार पासवान के नेतृत्व में की गई.







