जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के हुडको स्थित बंद पड़े टाटा मोटर्स क्वार्टर्स में बुधवार रात जन्मदिन मनाने के दौरान टाइगर मोबाइल जवानों से विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में एक जवान के सिर में चोट लगी है. पुलिस ने आदित्य नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, आदित्य अपना 18वां जन्मदिन मनाने के लिए एक युवती के साथ बंद पड़े क्वार्टर्स में पहुंचा था. इसी दौरान टाइगर मोबाइल के जवान सुजीत कुमार और चुन्नू राम सोरेन इलाके में गश्त कर रहे थे. दोनों ने क्वार्टर्स में युवक-युवती को देखकर पूछताछ शुरू की. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आदित्य ने वहां पड़े पत्थर से जवान सुजीत कुमार के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए. वहीं, दूसरे जवान चुन्नू राम सोरेन के साथ भी हाथापाई की गई और उनके सिर में दांत से काटने का आरोप है. सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आदित्य को हिरासत में लेकर थाने ले गई. दोनों घायल जवानों का प्राथमिक उपचार कराया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और दोनों पक्षों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.




