जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र निवासी पुष्प राज के एक्सिस बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने सात अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 3,99,891.65 रुपये की फर्जी निकासी कर ली. घटना 27 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है. खाते से लगातार रकम डेबिट होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की. पुष्प राज के अनुसार, उन्होंने जब अपना मोबाइल चेक किया तो खाते से लगातार रुपये कटने के कई मैसेज मिले. इसके बाद उन्होंने बैंक खाते की जांच की, जिसमें सात बार में कुल करीब चार लाख रुपये की निकासी का पता चला. बिना उनकी अनुमति के इतनी बड़ी रकम निकल जाने के बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी. इस संबंध में पुष्प राज के बयान पर बिष्टुपुर साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर ठगी के इस मामले की जांच शुरू कर दी है और बैंक खाते से हुई सभी संदिग्ध लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि रकम निकालने वाले संदिग्ध व्यक्ति का मोबाइल नंबर या ओटीपी से संबंधित कोई विवरण उनके पास उपलब्ध नहीं है. उन्होंने यह भी बताया कि रकम प्राप्त होने के तुरंत बाद संबंधित व्यक्ति की ओर से सभी चैट का विवरण भेज दिया गया था. पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई और इस साइबर ठगी में कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस द्वारा संबंधित बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.




